मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर के 300 वें जन्म वर्ष के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। कार्यक्रम में कलाकारों एवं अन्य गतिविधियों के लिए संस्कृति संचालनालय द्वारा व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में 23 जनवरी 2025 को नाट्य प्रस्तुति आयोजित होगी। जिसमें 45 कलाकार प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आज जिला अधिकारियों की बैठक सुभाष स्कूल बुरहानपुर में आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों के संबंध में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस, महापौर माधुरी पटेल, सूरज डामोर, अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान ने अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान कार्यक्रम स्थल का मौका-मुआयना भी किया गया। इस अवसर पर जयश्री पाटिल अन्य सम्माननीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकगण, डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार तथा अधिकारीगण-कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कलेक्टर भव्या मित्तल ने जिले में स्थानीय स्तर पर एक दिवसीय कार्यक्रम के सुचारू संपादन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पल्लवी पुराणिक को नोडल अधिकारी व नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। कलेक्टर ने संबंधितों को आवश्यक व्यवस्था एवं तैयारियों के संबंध में निर्देश दिये है।
