प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार, 25 दिसम्बर को खजुराहो में केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के क्रियान्वयन से पन्ना जिले की सात तहसीलों के विभिन्न ग्रामों को भी लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय महत्व की पहली नदी जोड़ो परियोजना के लाभ के बारे में जिले के नागरिकों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा शासन के निर्देशानुसार 20 से 25 दिसम्बर तक निरंतर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन उमा गुप्ता ने बताया कि निर्धारित गतिविधियों के आयोजन के क्रम में आज परियोजना से लाभांवित होने वाले ग्रामों के विद्यालयों में जल पर केन्द्रित चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही परियोजना के महत्व पर केन्द्रित विशेष कक्षा सत्र का आयोजन किया गया और इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। स्कूलों में आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। रविवार को संबंधित ग्रामों में केन-बेतवा लिंक परियोजना के महत्व और जल की आवश्यकता पर केन्द्रित नुक्कड़ नाटकों, भजन मंडलियों के तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा समस्त लाभांवित ग्रामों में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन व परियोजना के लाभ संबंधी संदेशों का दीवार लेखन के जरिए भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के शिविरों में भी ग्रामवासियों को परियोजना के सकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है। गत दिवस लाभांवित ग्रामों में आमजनांे की सहभागिता से कलश यात्रा एवं प्रभात फेरियां भी निकाली गईं।
